Advertisment1

यह एक धर्मिक और राष्ट्रवादी पत्रिका है जो पाठको के आपसी सहयोग के द्वारा प्रकाशित किया जाता है | आप का छोटा सहयोग भी हमारे लिए लाखों के बराबर होगा |

दिसंबर 2023 के कुछ महत्वपूर्ण व्रत और त्योहार

दिसंबर 2023 के कुछ महत्वपूर्ण व्रत और त्योहार

लेखक: रवि शेखर सिन्हा उर्फ आचार्य मनमोहन,ज्योतिष मार्तंड एवं जन्म कुंडली विशेषज्ञ।
हर हर महादेव!!
मैं आप सबको और आप सबको हृदय में विराजमान ईश्वर को प्रणाम करता हूं और धन्यवाद करता हूं।
इस वर्ष दिसंबर 2023 में मार्गशीर्ष का महीना होगा। मार्गशीर्ष माह और मार्गशीर्ष माह के अधिपति देवी देवताओं को नमन करते हुए दिसंबर 2023 के कुछ महत्वपूर्ण व्रत और त्योहारों के बारे में आईए जानते हैं।
इस वर्ष मार्गशीर्ष माह में कृष्ण पक्ष में तीन मंगलवार और मंगलवार की अमावस्या के कारण समाज में सामाजिक सद्भाव में विकृति आने का योग बन रहा है। अग्निकांड की कुछ बड़ी घटनाएं सिद्ध हो सकती हैं। कहीं आतंकी विस्फोट होने की संभावना दिख रही है। बड़ी-बड़ी दुर्घटनाओं के योग दिख रहे हैं। अतः इस महीने में भगवान शिव और श्री संकट मोचन हनुमान जी से हम प्रार्थना करते हैं कि महावीर बजरंगबली हम सब की सभी प्रकार से रक्षा करें।
मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष में द्वादशी तिथि का क्षय हो जाने के कारण शुक्ल पक्ष 14 दोनों का ही होगा। शुक्ल पक्ष में तिथि का क्षय होना अशुभ फल कारक माना जाता है।
कुल मिलाकर दिसंबर 2023 देश और दुनिया के लिए थोड़ी परेशानियां भरा प्रतीत हो रहा है।

1 दिसंबर शुक्रवार को विश्व एड्स दिवस है। एड्स के प्रति जनमानस को जागरूक करने के लिए आज का दिन मनाया जाता है।
2 दिसंबर शनिवार को काशी में अन्नपूर्णदेश्वरी माता के मंदिर में 16 दिनों तक चलने वाला व्रत, पूजन, श्रृंगार का अनुष्ठान आज के दिन आरंभ होगा। इसमें काशी के समीप गांव के किसान धान की फसल की पहली कटाई से धान की बालियां लाकर माता को समर्पित करते हैं और प्रसाद स्वरूप इन्हीं बोलियों को वितरित किया जाता है। जिसे किसान आगामी फसल में उन्नत पैदावार की कामना से श्रद्धा स्वरूप ग्रहण कर धान के बीज के लिए उसे संग्रह करते हैं।

3 दिसंबर रविवार को काशी के रामेश्वरम तीर्थ में लोटा भंटा मेला का आयोजन होगा।
5 दिसंबर मंगलवार को श्री काल भैरव जी का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। जिसे काल भैरव अष्टमी व्रत के नाम से जाना जाता है। देश-विदेश के सभी काल भैरव, बटुक भैरव, अष्ट भैरव मंदिरों में काल भैरव जी का विशेष श्रृंगार और पूजन किया जाएगा। इस पावन अवसर पर काशी के कोतवाल एवं सुरक्षा अधिकारी श्री काल भैरव जी को हम कोटि-कोटि प्रणाम करते हैं।
8 दिसंबर शुक्रवार को उत्पन्ना एकादशी का व्रत गृहस्थ और वैष्णव दोनों के लिए सर्वमान्य होगा।
10 दिसंबर रविवार को प्रदोष व्रत होगा।
11 दिसंबर सोमवार को सोमवासरीय मासिक शिवरात्रि का व्रत होगा।
12 दिसंबर मंगलवार को स्नान दान श्रद्धा की अमावस्या होगी। मंगलवार को अमावस्या पड़ने के कारण इसे भौमवती अमावस्या के नाम से जाना जाता है।
13 दिसंबर बुधवार से मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष आरंभ होगा।
14 दिसंबर गुरुवार को चंद्र दर्शन होगा।
16 दिसंबर शनिवार को वैनायकी श्री गणेश चतुर्थी का व्रत होगा। आज धनु संक्रांति है।
17 दिसंबर रविवार को विवाह पंचमी का त्यौहार होगा। आज के दिन को श्री पंचमी के नाम से भी जाना जाता है और इसका व्रत किया जाता है। आज के ही दिन भगवान श्री राम का माता जानकी जी के साथ विवाह हुआ था। मिथिलांचल में श्री राम विवाह का उत्सव बड़े धूमधाम के साथ मनाया जाता है।
18 दिसंबर सोमवार को चंपा षष्ठी है। महाराष्ट्र प्रांत में इसे विशेष रूप से मनाया जाता है। इसे स्कंद षष्ठी के नाम से भी जाना जाता है।
22 दिसंबर शुक्रवार को मोक्षदा एकादशी का व्रत गृहस्थों के लिए होगा।
आज वर्ष का सबसे छोटा दिन होगा। अर्थात दिन की अवधि पूरे वर्ष की तुलना में सबसे कम समय का होगा।
23 दिसंबर शनिवार को मोक्षदा एकादशी का व्रत वैष्णवों के लिए मान्य होगा। जैन जगत की मौन एकादशी का व्रत भी आज ही मनाया जाएगा। आज ही श्री गीता जयंती भी मनाई जाएगी। आज के ही दिन भगवान श्री कृष्ण ने कुरुक्षेत्र में अर्जुन को श्रीमद् भागवत गीता का उपदेश दिया था। आज के दिन प्रत्येक व्यक्ति को श्रीमद् भागवत गीता के 11वें अध्याय का पाठ अवश्य करना चाहिए और भगवान श्री कृष्ण की विशेष पूजा अर्चना करनी चाहिए।
24 दिसंबर रविवार को प्रदोष व्रत होगा। आज अनंग त्रयोदशी का व्रत भी होगा।
25 दिसंबर सोमवार को ईसाई धर्म का सबसे बड़ा त्यौहार क्रिसमस डे परंपरागत तरीके से मनाया जाएगा। अंग्रेजी तारीख के अनुसार भारत के दो महापुरुषों पंडित मदन मोहन मालवीय एवं अटल बिहारी वाजपेई जी की जयंती भी आज मनाई जाएगी।
26 दिसंबर मंगलवार को स्नान दान व्रत की पूर्णिमा होगी। आज के ही दिन भगवान दत्तात्रेय का जन्म हुआ था। अतः श्री दत्त जयंती के शुभ अवसर पर भगवान श्री दत्तात्रेय का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। महाराष्ट्र प्रांत में भगवान दत्तात्रेय की जयंती विशेष धूमधाम से मनाई जाती है।
27 दिसंबर बुधवार से पौष माह कृष्ण पक्ष आरंभ होगा।
30 दिसंबर शनिवार को संकष्टी श्री गणेश चतुर्थी का व्रत होगा।
31 दिसंबर रविवार को पूरे दिन यमघंट योग रहेगा। जिसमें यात्रा करना वर्जित होता है।
इस प्रकार आज के दिन ईसाई मत के अनुसार ईसवी सन 2023 समाप्त हो जाएगा।
विशेष टिप्पणी:
3 दिसंबर रविवार की रात 11:20 पर भगवान सूर्य जेष्ठा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। जिसके कारण सोना, चांदी, चावल और सरसों के भाव में मंदी आ जाएगी। मादक द्रव्यों में तेजी का भाव रहेगा।
16 दिसंबर शनिवार की रात 1:01 पर भगवान सूर्य मूल नक्षत्र में प्रवेश करेंगे और देवगुरु बृहस्पति की मूल त्रिकोण राशि धनु राशि में प्रवेश करेंगे। इस धनु संक्रांति के कारण आज 16 दिसंबर से खरमास आरंभ हो जाएगा। जिसमें विवाह आदि शुभ कार्यों के लिए सभी मुहूर्त स्थगित हो जाएंगे। शनिवार की सूर्य संक्रांति राजनीतिक विग्रह विरोध का वातावरण पैदा करेगी। घी, तेल, कपास एवं सूत में महंगाई चलेगी।
17 दिसंबर के आसपास मौसम एकाएक करवट लेगा और हल्की वर्षा के साथ एकाएक सर्दी का प्रकोप बढ़ जाएगा। अब से लेकर 15 जनवरी तक कड़ाके की सर्दी पड़ेगी।इति शुभमस्तु!!
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ