फरवरी 2024 के कुछ महत्वपूर्ण व्रत और त्योहार

फरवरी 2024 के कुछ महत्वपूर्ण व्रत और त्योहार

हर हर महादेव !!
मैं आप सबको और आप सबके हृदय में विराजमान ईश्वर को प्रणाम करता हूं और धन्यवाद करता हूं।

फरवरी के महीने में अधिकतर माघ माह होता है। इस वर्ष 27 जनवरी 2024 से 24 फरवरी 2024 तक माघ माह रहेगा। माघ माह और माघ माह के अधिपति देवी देवताओं को नमन करते हुए आईए फरवरी 2024 के कुछ महत्वपूर्ण व्रत और त्योहारों के बारे में जानते हैं। माघ माह में भगवान श्री गणेश जी का जन्म उत्सव मनाया जाता है। ऋतुराज बसंत कामदेव का भी जन्मोत्सव मनाया जाता है और इसी माह में माता सरस्वती का पावन त्यौहार वसंत पंचमी, श्री पंचमी, माता सरस्वती का जन्म उत्सव पूरे देश दुनिया में धूमधाम से मनाया जाता है।

माघ कृष्ण पक्ष 15 दिन का होगा। कृष्ण पक्ष के तीन शुक्रवार शुभ फलदायक होंगे। पंचमी तिथि की वृद्धि हो गई है किंतु अमावस्या तिथि का क्षय हो गया है। कुल मिलाकर कृष्ण पक्ष शुभ फलदायक होगा। दूसरी तरफ माघ शुक्ल पक्ष पूरे 15 दिनों का ही है, किंतु शुक्ल पक्ष में तीन शनिवार पड़ जाने के कारण कुछ दैवी और प्राकृतिक घटना- दुर्घटना के योग बन रहे हैं।

अतः ईश्वर की आराधना उपासना करके देश दुनिया में सुख शांति की कामना करना अच्छा रहेगा।

2 फरवरी शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद जी का जन्म उत्सव मनाया जाएगा। इसी दिन स्वामी रामानंदाचार्य जी की जयंती भी मनाई जाएगी।

4 फरवरी रविवार को विश्व कैंसर दिवस के रूप में मनाया जाता है। आज का दिन पूरी दुनिया को कैंसर रोग के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए यह दिन मनाया जाता है।

6 फरवरी मंगलवार को षट् तिला एकादशी का व्रत गृहस्थ और वैष्णव दोनों के लिए सर्वमान्य होगा।

7 फरवरी बुधवार को प्रदोष व्रत होगा। इसे तिल द्वादशी के नाम से भी जाना जाता है।

8 फरवरी गुरुवार को मासिक शिवरात्रि व्रत होगा।

9 फरवरी शुक्रवार को स्नान दान श्राद्ध की मौनी अमावस्या होगी।

10 फरवरी शनिवार से गुप्त नवरात्र आरंभ होगा। माघ महीने की नवरात्रि को गुप्त नवरात्रि के नाम से भी जाना जाता है। आज ही स्वामी वल्लभाचार्य जी की जयंती भी मनाई जाएगी।

11 फरवरी रविवार को शुक्ल पक्ष की द्वितीया के चंद्रमा का दर्शन किया जाएगा।

13 फरवरी मंगलवार को अंगारकी वैनायकी श्री गणेश चतुर्थी का व्रत होगा। इसे उमा चतुर्थी व्रत के नाम से भी जाना जाता है। आज के ही दिन भगवान श्री गणेश का जन्म उत्सव मनाया जाता है।

विश्व भर के श्री गणेश मंदिरों में भगवान श्री गणेश जी की विशेष पूजा अर्चना, भजन और आरती का आयोजन किया जाता है। आज ही भगवान सूर्य की कुंभ संक्रांति भी होगी।

14 फरवरी बुधवार को श्री पंचमी अर्थात् वसंत पंचमी का पावन त्यौहार मनाया जाएगा। आज ज्ञान और विद्या की अधिष्ठात्री देवी माता सरस्वती का जन्मोत्सव पूरे विश्व में धूमधाम से मनाया जाएगा।

16 फरवरी शुक्रवार को रथ सप्तमी और भीष्म अष्टमी का त्यौहार मनाया जाएगा।

18 फरवरी रविवार को महानंदा नवमी का व्रत होगा। आज के ही दिन ब्रह्म नायक श्री हरसू ब्रह्म देव जी का जन्मोत्सव बिहार प्रांत के रोहतास जिले के चैनपुर नामक स्थान पर मेला उत्सव के रूप में मनाया जाता है‌। आज गुप्त नवरात्रि समाप्त हो जाएगा।

19 फरवरी सोमवार को छत्रपति शिवाजी महाराज का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। पूरे देश में विशेष रूप से महाराष्ट्र प्रांत में छत्रपति महाराज शिवाजी का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है।

20 फरवरी मंगलवार को जया एकादशी का व्रत गृहस्थ और वैष्णव दोनों के लिए ही सर्वमान्य है। इस भैमी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है।

21 फरवरी बुधवार को प्रदोष व्रत होगा। इसे भीष्म द्वादशी के नाम से भी जाना जाता है।

22 फरवरी गुरुवार को गुरु पुष्य सर्वार्थ सिद्धि अमृत योग है। आज के दिन माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्ति के लिए विशेष साधना और पूजा की जाती है। जिससे जीवन में विशेष धन और उन्नति प्राप्त होती है।

23 फरवरी शुक्रवार को व्रत की पूर्णिमा होगी।

24 फरवरी शनिवार को स्नान दान की माघी पूर्णिमा होगी। आज के ही दिन राजराजेश्वरी माता ललिता त्रिपुर सुंदरी देवी का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। आज ही संत श्री रविदास जी का भी जन्मोत्सव मनाया जाएगा। संत रविदास जी का जन्म स्थान काशी के सर गोवर्धन नामक स्थान पर हुआ था। जहां शोभायात्रा निकाली जाएगी और विभिन्न समारोह संपन्न किए जाएंगे।

28 फरवरी बुधवार को संकष्टी श्री गणेश चतुर्थी का व्रत होगा।

विशेष टिप्पणी:

9 फरवरी शुक्रवार को माघ मास की मौनी अमावस्या पर सर्वत्र गंगा नदी में विशेष कर तीर्थराज प्रयाग में, संगम में स्नान करने का विशेष महत्व है। काशी के दशाश्वमेध घाट पर और पश्चिम वाहिनी गंगा में स्नान कर पुण्य प्राप्त किया जाता है। गंगा स्नान करना अत्यंत पुण्य फलदायक माना जाता है। आज के दिन मौन रहते हुए गंगा स्नान करने का शास्त्रीय विधान है। इसके अतिरिक्त सर्वत्र नदी, तीर्थ एवं पश्चिम वाहिनी गंगा में स्नान कर पुण्य प्राप्त किया जाता है। काशी के चंद्रावती बलुआ के पश्चिम वाहिनी गंगा नदी में स्नान का अति महत्व है।

भगवान सूर्य 7 फरवरी मंगलवार की शेष रात 6:01 पर धनिष्ठा नक्षत्र में प्रवेश कर जाएंगे। जिसके कारण मूंग, मसूर और नील के मूल्य में तेजी का झटका आएगा।

3 फरवरी के आसपास मौसम में अचानक परिवर्तन होगा। अमावस्या को चतुर्ग्रही योग के कारण बूंदाबांदी और वर्षा का योग बन रहा है। माघ बदरिया के योग पैदा हो रहे हैं। सर्दी का जोरदार सिलसिला चलता रहेगा।

20 फरवरी मंगलवार के दिन 9:14 पर भगवान सूर्य शतभिषा नक्षत्र में प्रवेश कर जाएंगे। जिसके कारण चांदी, सरसों, सोना, कपड़ा, नील, तेल, रिफाइन, हींग, जायफल एवं किराने की वस्तुओं में तेजी का दौर आएगा। कुल मिलाकर यह पक्ष तीन शनिवार के कारण कुछ भारी पड़ेगा।

13 फरवरी मंगलवार की रात 7:20 पर भगवान सूर्य मकर राशि को छोड़कर कुंभ राशि में प्रवेश कर जाएंगे। जिसके कारण सरकार के किसी निर्णय से सामान्य जनता को कष्ट का सामना करना पड़ेगा। यद्यपि बाजार भाव में स्थिरता चलेगी। किंतु पहाड़ों पर भीषण बर्फबारी से सर्दी का सितम जोर पकड़ लेगा।

इति शुभमस्तु!! लेखक: रवि शेखर सिन्हा उर्फ आचार्य मनमोहन। ज्योतिष मार्तंड एवं जन्म कुंडली विशेषज्ञ।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ