अगस्त 2024 के कुछ महत्वपूर्ण व्रत और त्योहार

अगस्त 2024 के कुछ महत्वपूर्ण व्रत और त्योहार

लेखक: रवि शेखर सिन्हा उर्फ आचार्य मनमोहन। ज्योतिष मार्तंड एवं जन्म कुंडली विशेषज्ञ।
हर हर महादेव!!
मैं आप सबको और आप सबके हृदय में विराजमान ईश्वर को प्रणाम करता हूं और धन्यवाद करता हूं। अंग्रेजी कैलेंडर का अगस्त महीना हिंदू पंचांग श्री विक्रम संवत के अनुसार सावन या भाद्रपद का महीना माना जाता है। इस वर्ष ईसवी सन् 2024 में 22 जुलाई से 19 अगस्त तक श्रावण का महीना होगा। 20 अगस्त से भाद्रपद मास आरंभ होगा।
भाद्रपद मास में कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाता है।
सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित होता है। यह अत्यंत पवित्र और पावन महीना माना जाता है। आषाढ़ शुक्ल पक्ष एकादशी तिथि को भगवान विष्णु के योग निद्रा में जाने के बाद शिव परिवार 4 महीने तक सृष्टि चलाने का कार्यभार संभालते हैं। जिनमें से श्रावण का महीना भगवान शिव संचालित करते हैं। इस महीने में पूरा वातावरण शिवमय हो जाता है। सावन के महीने में भगवान शिव का जलाभिषेक करना, बेलपत्र चढ़ाना, उनके मंत्रो का जाप करना अत्यंत श्रेष्ठ माना जाता है। देश भर से, विशेष कर उत्तर भारत से श्रद्धालु कांवरिये गंगा स्नान करके कांवर में जल लेकर बोल बम का उद्घोष करते हुए ज्योतिर्लिंग के दर्शन करते हुए महादेव का अभिषेक करते हैं। बोल बम के नारे से पूरा वातावरण शिव में हो जाता है।
सावन माह और सावन माह के अधिपति देवी देवताओं को, आशुतोष भगवान भोलेनाथ शिव शंकर को और जगत पिता सच्चिदानंद स्वरूप भगवान श्री कृष्ण को नमन करते हुए, प्रणाम करते हुए और धन्यवाद करते हुए आइए चर्चा करते हैं अगस्त 2024 के महत्वपूर्ण व्रत और त्योहारों के बारे में।

· 1 अगस्त गुरुवार को प्रदोष व्रत होगा।

· 2 अगस्त शुक्रवार को मासिक शिवरात्रि व्रत होगा।

· 4 अगस्त रविवार को स्नान दान श्रद्धा की अमावस्या होगी ।
· आज स्वामी अखंडानंद की जयंती भी है। आज दोपहर 2:00 बजे तक रवि पुष्य सर्वार्थ सिद्धि योग भी है।

· 5 अगस्त सोमवार को सावन सोमवार का व्रत होगा।
· आज चंद्र दर्शन भी है।
· 6 अगस्त मंगलवार को धर्म सम्राट स्वामी करपात्री जी का जन्म उत्सव मनाया जाएगा।
· 7 अगस्त बुधवार को श्रावणी तीज अथवा कजरी तीज अथवा हरियाली तीज का त्यौहार मनाया जाएगा। आज के इस व्रत को स्वर्ण गौरी व्रत के नाम से भी जाना जाता है। कहीं-कहीं इसे मधुश्रवा तृतीया के नाम से भी जाना जाता है।
· 8 अगस्त गुरुवार को वैनायकी श्री गणेश चतुर्थी का व्रत होगा।
· 9 अगस्त शुक्रवार को श्री नाग पंचमी का त्यौहार होगा।

· 10 अगस्त शनिवार को कल्कि जयंती मनाई जाएगी।

· 11 अगस्त रविवार को शीतला सप्तमी का व्रत होगा। भानु सप्तमी का पर्व भी आज ही होगा। श्री रामचरितमानस के रचयिता गोस्वामी श्री तुलसीदास जी का जन्मोत्सव आज बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा।

· 12 अगस्त सोमवार को सावन सोमवार का व्रत होगा।

· 15 अगस्त गुरुवार को भारतीय स्वतंत्रता दिवस पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाएगा। प्रत्येक घर में तिरंगा झंडा लहराएगा और भारत माता की जय से पूरा वातावरण गूंज उठेगा।
· आज ही पुत्रदा एकादशी का व्रत गृहस्थों के लिए मान्य होगा। आज से भगवान श्री कृष्ण की झूलन यात्रा आरंभ होगी।
· 16 अगस्त शुक्रवार को वैष्णवों के लिए एकादशी का व्रत होगा।
· 17 अगस्त शनिवार को शनि प्रदोष व्रत होगा। आज सूर्य की सिंह संक्रांति भी है।
· 19 अगस्त सोमवार को सावन सोमवार का व्रत होगा। साथ ही स्नान दान व्रत की पूर्णिमा भी आज ही है। आज संस्कृत दिवस भी मनाया जाएगा। सावन पूर्णिमा के दिन भाई बहनों के पवित्र प्रेम का त्यौहार रक्षाबंधन बड़े धूमधाम से देश विदेशों में मनाया जाता है। बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं और उनसे अपनी सुरक्षा का वचन पाती हैं और उपहार प्राप्त करती हैं। रक्षाबंधन का नियम यह है की भद्रा के समय रक्षाबंधन नहीं किया जाता। भद्रा समाप्ति के बाद ही रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया जाता है। भारतीय समय के अनुसार आज दोपहर 1:25 तक भद्रा रहेगी। अतः भद्रा की समाप्ति के बाद ही रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया जाएगा। इसके साथ ही आज सावन का महीना समाप्त हो जाएगा।

· 21 अगस्त बुधवार को अशून्य शयन व्रत होगा। आज भीमचण्डी विंध्याचल की विंध्यवासिनी माता का जन्म उत्सव मनाया जाएगा।
· 22 अगस्त गुरुवार को संकष्टी श्री गणेश चतुर्थी का व्रत होगा। आज कजरी तीज का भी व्रत होगा। मिर्जापुर जनपद एवं उसके समीपस्थित कजरी गायन दंगल पारंपरिक स्वरूप में आज ही मनाया जाएगा। अर्थात् कज्जली का प्रसिद्ध त्योहार आज ही होगा।

· 24 अगस्त शनिवार को कोकिला पंचमी जैन समुदाय का त्यौहार होगा।आज रक्षा पंचमी का त्यौहार भी होगा। चंद्र षष्ठी का व्रत भी आज ही होगा।
· भगवान श्री कृष्ण के बड़े भाई भगवान बलराम जी का जन्मोत्सव भी आज ही मनाया जाएगा।

· 25 अगस्त रविवार को भानु सप्तमी है।

· 26 अगस्त सोमवार को भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव श्री कृष्ण जन्माष्टमी का व्रत गृहस्थों के लिए मान्य होगा। आज पूरा दिन और रात 2:19 तक अष्टमी तिथि रहेगी। आज ही दोपहर 3:55 से रोहिणी नक्षत्र आरंभ हो जाएगा। अतः आज मध्य रात्रि में 10:45 से 12:39 तक वृषभ लग्न में चंद्रमा वृषभ राशि में होंगे। साथ ही मध्य रात्रि में रोहिणी नक्षत्र और अष्टमी तिथि के मिलन से भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव का सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त प्राप्त हो रहा है। कई वर्षों के बाद इस वर्ष ऐसा दुर्लभ संयोग बना है। अतः प्रत्येक कृष्ण भक्त को भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाना चाहिए।
· 16 कलाओं से युक्त परम योगी पुरुषोत्तम सच्चिदानंद भगवान श्री कृष्ण के पावन श्री चरणों में सादर प्रणाम करते हुए समस्त विश्व के श्री कृष्ण भक्तों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाइयां।

· 27 अगस्त मंगलवार को वैष्णवों के लिए, संन्यासियों के लिए श्री कृष्ण जन्माष्टमी का व्रत होगा। क्योंकि साधु संत सन्यासी भगवान के जन्म लेने के उपरांत उनका जन्म उत्सव मनाते हैं। अतः इस नियम के अनुसार आज के दिन वैष्णव जन भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाएंगे और गृहस्थ समुदाय दही हांडी के रूप में भगवान का जन्मोत्सव मनाएंगे।

· 29 अगस्त गुरुवार को जया एकादशी का व्रत गृहस्थ और वैष्णव दोनों के लिए सर्वमान्य होगा। इसे अजा एकादशी के नाम से भी जाना जाता है।
· जैन समुदाय का प्रसिद्ध पर्यूषण पर्व आज से आरंभ होगा।
· 30 अगस्त शुक्रवार को गोवत्स द्वादशी अर्थात् बछबारस का त्यौहार होगा। आज अघोर द्वादशी भी है।

· 31 अगस्त शनिवार को शनि प्रदोष व्रत होगा।

· विशेष टिप्पणी:
· 3 अगस्त शनिवार को दिन के 10:59 पर भगवान सूर्य श्लेषा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। जिसके कारण बादलों के प्रबल घेराव के साथ सामान्य से अच्छी वर्षा होने के योग प्राप्त हो रहे हैं। गर्मी बहुत पड़ेगी। गेहूं, चना, अलसी, तिल, गुड़, शेयर बाजार में तेजी का रुख बनेगा। मादक द्रव्यों के मूल्य में तेजी चलेगी। देश के उत्तरी हिमालय क्षेत्र में भारी वर्षा होगी और भूस्खलन से हानि होगी।
· 17 अगस्त शनिवार को दिन में 10:01 पर भगवान सूर्य मघा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे साथ ही साथ कर्क राशि को छोड़कर सिंह राशि में प्रवेश कर जाएंगे। जिसके कारण काफी अच्छी मात्रा में वर्षा होने की संभावना बन रही है। सावन शुक्ल पक्ष के तीन सोमवार अत्यंत शुभ फलदायक होंगे।

· इति शुभमस्तु!!
· कल्याणमस्तु!! हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ