Advertisment1

यह एक धर्मिक और राष्ट्रवादी पत्रिका है जो पाठको के आपसी सहयोग के द्वारा प्रकाशित किया जाता है | आप का छोटा सहयोग भी हमारे लिए लाखों के बराबर होगा |

2024 धनतेरस पूजा का शुभ मुहूर्त

2024 धनतेरस पूजा का शुभ मुहूर्त

हर हर महादेव!
लेखक: रवि शेखर सिन्हा उर्फ आचार्य मनमोहन,ज्योतिष मार्तंड एवं जन्म कुंडली विशेषज्ञ।
मैं रवि शेखर सिन्हा आप सभी को धनतेरस और दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।
ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि धनतेरस और दिवाली आप लोगों के लिए सर्वश्रेष्ठ हो। श्री लक्ष्मी नारायण की कृपा आप सब पर बनी रहे।
इस वर्ष धनतेरस को लेकर काफी भ्रांतियां हैं और दीपावली की पूजा को लेकर कई भ्रांतियां हैं। इस आलेख में हम बात करेंगे धनतेरस से संबंधित भ्रांतियों को लेकर।
त्रयोदशी तिथि 29 अक्टूबर 2024 की सुबह 10:31 से आरंभ होगी जो 30 अक्टूबर 2024 की दोपहर 1:15 तक रहेगी। धनतेरस का त्योहार दोपहर के बाद अर्थात् शाम से लेकर रात तक मनाने की परंपरा है। इस क्रम में 29 अक्टूबर 2024 की सुबह 10:31 से त्रयोदशी तिथि आरंभ होगी जो की पूरी रात तक और अगले दिन दोपहर 1:15 तक रहेगी।
इसीलिए धनतेरस का त्योहार इस वर्ष 2024 में 29 अक्टूबर को मनाया जाएगा।
धनतेरस की विशेष पूजा का शुभ मुहूर्त उत्तर भारत में शाम 6:05 से 8:02 तक का होगा। पश्चिम और दक्षिण भारत में शाम 7:04 से रात 9:04 तक का होगा।


29 अक्टूबर 2024 मंगलवार को धनतेरस का शुभ मुहूर्त इस प्रकार है।
उत्तर भारत विशेष रुप से बिहार और उत्तर प्रदेश में सुबह 10:09 से 11:35 तक, 11:33 से 12:57 तक, 6:45 से 8:22 तक और रात 9:57 से 11:33 तक 11:33 से देर रात 1:09 के बीच धनतेरस से संबंधित वस्तुओं की खरीदारी करना शुभ माना जाएगा।
दोपहर 2:22 से 3:45 के बीच शुभ की चौघड़िया होते हुए भी राहुकाल होगा इसलिए इस समय किसी भी प्रकार की खरीदारी से बचना चाहिए।


दूसरी तरफ पश्चिम भारत में विशेष रुप से महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक में दिन के 10:56 से 12:22 तक, 12:22 से 1:48 तक (अमृत के साथ-साथ गुरु की होरा), 3:14 से 3:40 तक (शुभ की चौघड़िया के साथ-साथ शुक्र की होरा), रात 10:48 से देर रात 12:22 तक( शुक्र और बुध की होरा), देर रात 12:22 से 1:56 तक अमृत वेला में खरीदारी करना अत्यंत शुभ फलदायक होगा।


धनतेरस के दिन माता लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए साथ में श्री गणेश लक्ष्मी, भगवान नारायण और कुबेर देव की प्रसन्नता और उनकी कृपा प्राप्ति के लिए कुछ विशेष वस्तुएं खरीद कर घर में लाना चाहिए और प्रयोग करना चाहिए। इससे वर्ष पर्यंत घर में धन लक्ष्मी का आगमन होता रहता है। घर में खुशी का वातावरण बना रहता है।
आइए जानते हैं धनतेरस के दिन विशेष रूप से क्या खरीदना चाहिए।
1. लक्ष्मी जी की प्रतिमा अथवा गणेश लक्ष्मी जी का चांदी का एक सिक्का.
2. धर्म पत्नी के लिए वस्त्र आभूषण अवश्य खरीदें.
3.पीतल के बर्तन खरीदना चाहिए.
4. एक घंटी और एक पीतल का दिया अवश्य खरीदें. जिसे वर्ष भर पूजा पाठ में प्रयोग करें.
5. नमक खरीदें। विशेष रुप से सेंधा नमक खरीदना शुभ माना जाता है। उस नमक से लगातार तीन दिनों तक घर में पोछा लगाना चाहिए।
6. झाड़ू अवश्य खरीदें।
7. मिट्टी के दीपक खरीदें। जिसे आप दीपावली के दिन दीप प्रज्वलित करने में प्रयोग करें।
8. कोई भी इलेक्ट्रॉनिक वस्तु चाहे वह घड़ी हो या घर का अन्य कोई इलेक्ट्रॉनिक सामान हो, टीवी, कंप्यूटर मोबाइल फोन, दो पहिया, चार पहिया गाड़ी, वाहन कोई भी चलने वाली चीज जो लगातार चलती हो अवश्य खरीदें। यह लगातार चलने वाली चीजें जीवन में तरक्की का प्रतीक होती हैं।
9. चांदी अथवा अन्य किसी भी धातु का एक थाली, कटोरी, गिलास और चम्मच अवश्य खरीद कर लाएं और दीपावली के दिन पूजा पाठ में इसका प्रयोग करें।
10. नया खाता बही के लिए पुस्तक, कलम, स्याही और सुगंध अर्थात इत्र अवश्य खरीदें.
धनतेरस के दिन सुबह की पूजा में कुबेर देवता को प्रसन्न करने के लिए मिट्टी के तीन दिए जलाएं और उस दिए में तिल के तेल अथवा घी के साथ थोड़ा सा नागकेसर अवश्य डाल दें। साथ ही हाथ में नागकेसर लेकर कुबेर देवता से धन की कामना, प्रार्थना करके 10 माला श्री कुबेर मंत्र का जाप करें।
एक माला भगवान धन्वंतरी के मंत्र का जाप करें और माता महालक्ष्मी के मंत्र की एक अथवा तीन माला अवश्य जाप करें।ऐसा करने मात्र से धनतेरस अत्यंत शुभ फलदायक हो जाएगा।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ