बिहार दिवस: मुख्यमंत्री के कार्यों की दिख रही झलक,बिहार दिवस पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के स्टॉल का मंत्री ने किया उद्घाटन

- मंत्री श्री महेश्वर हजारी ने गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के स्टॉल का उद्घाटन किया
- सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के स्टॉल का मुख्य आकर्षण रहा 3डी में बिहार के प्रमुख स्थलों का भ्रमण
- एलईडी स्क्रीन पर सभी प्रमुख योजनाओं के बारे में दी जा रही विस्तार से जानकारी
- मंत्री ने कहा, यहां कल्याणकारी योजनाओं और सरकार के उत्कृष्ट कार्यों की जानकारी से लोगों को मिलेगा लाभ
बिहार दिवस के मौके पर पटना के गांधी मैदान में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के स्टॉल का उद्घाटन शनिवार को विभागीय मंत्री श्री महेश्वर हजारी ने किया। इस मौके पर उन्होंने वीआर के जरिए 3डी प्रतिकृति में बिहार के सभी प्रमुख स्थलों का आभासीय भ्रमण किया। कहा यह रोमांचक अनुभव है। निकलते वक्त मुख्य द्वार पर सेल्फी भी ली।

इस मौके पर मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने बिहार के लिए अब तक जो किया है, उसका ज्वलंत उदाहरण गांधी मैदान में विभिन्न स्टाल के ज़रिए को मिल रहा है। इस बार का बिहार दिवस काफी खास है।
मंत्री श्री हजारी ने कहा कि बिहार कई महापुरुषों की धरती रही है। आज बिहार विधि–व्यवस्था, रोजगार, सड़क, बिजली समेत अन्य सभी क्षेत्रों में काफी तरक्की कर चुका है। आज राज्य के किसी कोने से पटना पहुंचने में अधिकतम 6 घंटे का समय लगता है। उन्होंने कहा कि इस पवेलियन में राज्य सरकार के स्तर से चलाई जाने वाली तमाम जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। साथ ही सरकार के स्तर से किए गए सभी उत्कृष्ट कार्यों के बारे में सूचना प्रसारित की जा रही है। इससे आम लोगों को काफी लाभ होगा। उन्हें सभी योजनाओं के बारे में समुचित जानकारी मिलेगी। सुदूरवर्ती इलाकों में भी लोगों तक इन योजनाओं की जानकारी पहुँचेगी।
मंत्री श्री हजारी ने कहा कि राज्य सरकार 50 लाख रोजगार और नौकरी देने के अपने संकल्प पर कायम रहते हुए इसके लक्ष्य को पाने में हर स्तर पर प्रयासरत है। इस पवेलियन के सबसे बड़े आकर्षण 3डी में देखिए बिहार के अनुभव से रूबरू हुए। इसके बाद उन्होंने सभी जन कल्याणकारी योजनाओं के लगे कट–ऑउट प्रदर्शनी का मुआयना भी किया।
विभागीय निदेशक श्री वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि इस बार बिहार दिवस का थीम उन्नत बिहार–विकसित बिहार रखा गया है। सरकार की सभी जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में आमलोगों को विस्तार से जानकारी दी जा रही है। इसके लिए सभी योजनाओं से संबंधित बुकलेट, पंपलेट समेत अन्य पाठ्य सामग्री मौजूद है।
विभाग के स्टाल के पास सांस्कृतिक कार्यक्रम में बिहार की लोक संगीत से लोगों का मनोरंजन किया जा रहा है।

पहली बार आम लोग 3डी में देखेंगे बिहार के प्रमुख स्थल
बिहार दिवस का आयोजन पटना के गांधी मैदान मे किया गया है। पहली बार इस ऐतिहासिक मैदान के 1 लाख वर्ग फीट से अधिक के क्षेत्रफल में इसे लगाया गया है, जहां अनेक विभागों के स्टॉल में अलग–अलग चीजों को प्रदर्शित किया गया है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के स्टॉल में पहली बार आम लोगों के लिए 3डी में राज्य के प्रमुख और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए स्टॉल में वीआर उपकरण लगाए गए हैं। इसकी मदद से सामान्य लोग सभी स्थलों का आभासीय तरीके से भ्रमण कर सकेंगे।
इसमें पटना का बापू टॉवर, सभ्यता द्वार, पटना साहिब का गुरुद्वारा के अलावा राजगीर का ग्लास ब्रिज, घोड़ा कटोरा, हाल में वहां बना जरासंध का अखाड़ा एवं पार्क, गुरुद्वारा, पावापुरी का जल मंदिर जैसे अन्य प्रमुख और लोकप्रिय स्थल शामिल हैं।
बिहार डायरी के भी बिक्री की व्यवस्था
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के स्टॉल में राज्य सरकार की सभी प्रमुख योजनाओं को प्रदर्श के माध्यम से दर्शाया गया है। साथ ही बिहार डायरी की बिक्री की भी व्यवस्था की गई है। अगर किसी ने बिहार डायरी नहीं खरीदी है, तो वे यहां से खरीद सकते हैं। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण पुस्तक, पत्र, पत्रिका की बिक्री की भी व्यवस्था की गई है। इसके लिए अलग से बिक्री केंद्र बनाया गया है।इस मौक़े पर विभाग के संयुक्त सचिव बी बी चौधरी, ओएसडी कुमारिल सत्यानंद, संयुक्त निदेशक रवि भूषण सहाय,उपनिदेशक सुनील कुमार पाठक, उपनिदेशक लाल बाबू सिंह, सहायक निदेशक राजेश चंद्रा एवं अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
हमारे खबरों को शेयर करना न भूलें| हमारे यूटूब चैनल से अवश्य जुड़ें https://www.youtube.com/divyarashminews https://www.facebook.com/divyarashmimag
0 टिप्पणियाँ
दिव्य रश्मि की खबरों को प्राप्त करने के लिए हमारे खबरों को लाइक ओर पोर्टल को सब्सक्राइब करना ना भूले| दिव्य रश्मि समाचार यूट्यूब पर हमारे चैनल Divya Rashmi News को लाईक करें |
खबरों के लिए एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें contact@divyarashmi.com